पंजाब में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर चार दिन तक रेल मार्ग बाधित करने पर आरपीएफ ने 348 किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें दो किसानों को नामजद किया गया है जबकि अन्य सभी को भीड़ के रूप में रखा गया है। आरपीएफ अब वीडियो के माध्यम से अगली कार्रवाई करेगी।
गन्ने का रेट बढ़ाने और दूसरी मांगों को लेकर किसानों द्वारा नई दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे एवं रेलवे ट्रैक जाम रखा गया था। हाईवे जाम होने से सैकड़ों लोगों को परेशानियों का सामान करना पड़ा था। 84 घंटे से बंद हुआ हाईवे शुक्रवार को शाम करीब साढ़े 5 बजे खोला गया था। इसके अलावा करीब 24 घंटे तक रेलवे ट्रैक बंद किया गया था। ट्रैक बंद होने से करीब 182 ट्रेन प्रभावित हुई थी। काफी संख्या में ट्रेन रद्द करनी पड़ी थी।
आरपीएफ थाना जालंधर के इंचार्ज अशोक कुमार के अनुसार केस में आईपीसी की धारा 147 और 174-ए जोड़ी गई है। नामजद किसानों में बलविंदर सिंह राजू औलख और माझा किसान संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष बलजिंदर सिंह शामिल है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check