सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 5 अक्टूबर को आनंद पुष्कर करेंगे नामांकन

छपरा। आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए के प्रत्याशी आनंद पुष्कर 5 अक्टूबर, सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर जदयू, भाजपा सहित एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा, सारण प्रमंडल के पाँचों जिलों से शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के भी उपस्थित रहने की उम्मीद है।

आनंद पुष्कर ने बताया कि नामांकन से पूर्व सुबह 10 बजे से छपरा स्थित सिटी गार्डन के सभा स्थल पर शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ एक सभा आयोजित की जाएगी। सभा के बाद वे नामांकन दाखिल करने के लिए सारण प्रमंडल आयुक्त कार्यालय के लिए रवाना होंगे।

विभिन्न शिक्षक संवाद कार्यक्रमों के दौरान आनंद पुष्कर ने पदोन्नति, स्थानांतरण, वेतन भुगतान, सेवा-सुविधाओं तथा वित्तरहित एवं अनुदानित शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। उनका कहना है कि शिक्षकों की समस्याओं को नीतिगत स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने और उनके समाधान के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक पहल करना जरूरी है।