सारण में आनंद पुष्कर का जनसंपर्क अभियान, शिक्षकों से मांगा समर्थन

छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी ई. आनंद पुष्कर ने शुक्रवार को सारण जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का दौरा कर शिक्षक-शिक्षिकाओं से जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, मांगों और अपेक्षाओं की जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने शिक्षक हित में अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराते हुए चुनाव में अपने पक्ष में समर्थन और मतदान की अपील की।

जनसंपर्क के दौरान ई. आनंद पुष्कर ने कहा कि शिक्षकों की जायज मांगों को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अनुदानित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए वेतनमान लागू कराना, बिहार के शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ दिलाना तथा पुरानी पेंशन योजना बहाल कराने की दिशा में प्रयास करना उनके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रभावी प्रतिनिधित्व आवश्यक है। शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने तथा उनके समाधान के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने शिक्षक समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा भी दिलाया।

जनसंपर्क अभियान के दौरान मौजूद शिक्षक-शिक्षिकाओं ने ई. आनंद पुष्कर से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उन्हें समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।