मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष सलीम परवेज़ ने आनंद पुष्कर के समर्थन में मतदान की अपील की

पटना। बिहार मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष एवं बिहार विधान परिषद के पूर्व उपसभापति सलीम परवेज़ ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर के समर्थन में मतदान की अपील की है। शनिवार को आनंद पुष्कर ने सलीम परवेज़ के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

सलीम परवेज़ ने कहा कि आनंद पुष्कर के साथ हुई मुलाकात के दौरान चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि बैठक में एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का संकल्प लिया गया। साथ ही, लोगों से आनंद पुष्कर के पक्ष में मतदान कर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की गई।

इस क्रम में छपरा सदर के मदरसा शिक्षकों के साथ भी एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं, अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान सलीम परवेज़ ने मदरसा शिक्षकों से आनंद पुष्कर के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना आवश्यक है। बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने आनंद पुष्कर को समर्थन देने और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने के लिए एकजुटता व्यक्त की।