शिक्षकों के मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाएंगे आनंद पुष्कर: संजय झा

छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा ने एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की अपील की।

शिक्षकों एवं शिक्षक प्रतिनिधियों के साथ संवाद के दौरान संजय झा ने कहा कि आनंद पुष्कर लगातार शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। उन्होंने पूर्व विधान परिषद सदस्य स्वर्गीय केदारनाथ पांडेय के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा और वे सदन में शिक्षकों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से रखते थे।

संजय झा ने वर्तमान शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रतिनिधि पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षकों के मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हुआ। उन्होंने शिक्षकों से आनंद पुष्कर को अपना प्रतिनिधि चुनकर विधान परिषद भेजने की अपील की, ताकि शिक्षा जगत से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाया जा सके।

कार्यक्रम में मांझी विधायक एवं चुनाव प्रभारी रणधीर सिंह, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह महनार विधायक उमेश सिंह कुशवाहा तथा मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष सलीम परवेज सहित अन्य नेताओं ने भी आनंद पुष्कर के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की।

वहीं, ई. आनंद पुष्कर ने मंगलवार को छपरा के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में जनसंपर्क किया। उन्होंने शिक्षकों से आगामी 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान में शिक्षक हित, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर मजबूत प्रतिनिधित्व के लिए प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की।