उत्तर कोरिया में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। देश के सबसे बड़े नेवल डेस्ट्रॉयर (युद्धपोत) की लॉन्चिंग किम जोंग उन की मौजूदगी में नाकाम हो गई। तकनीकी गड़बड़ी के चलते युद्धपोत आधा पानी में डूब गया और नजारा ऐसा बना जैसे किसी फिल्म का सीन हो।
लॉन्चिंग के दौरान हुआ बड़ा हादसा
करीब 5,000 टन वजनी युद्धपोत को लॉन्च करने के लिए खास आयोजन रखा गया था, जिसमें उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन खुद मौजूद थे। योजना थी कि जहाज को साइड से पानी में उतारा जाएगा, लेकिन एक तकनीकी फेल्योर के चलते उसका पिछला हिस्सा पानी में उतर गया और आगे का हिस्सा लॉन्चिंग गियर पर अटक गया। नतीजा – जहाज तिरछा होकर आधा डूब गया।
सैटेलाइट ने खोल दी पोल
उत्तर कोरिया ने इस शर्मनाक घटना को छिपाने की कोशिश की। जहाज पर नीली तिरपाल डाल दी गई, ताकि उसकी स्थिति छुपाई जा सके। लेकिन दक्षिण कोरिया की सेना ने सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए पूरी सच्चाई उजागर कर दी। तस्वीरों में साफ दिखा कि युद्धपोत एक ओर झुका हुआ है और पानी में डूब चुका है।
गुब्बारों से सीधा किया गया जहाज!
29 मई को ली गई तस्वीरों में दिखा कि जहाज को बचाने के लिए बेहद अनोखा तरीका अपनाया गया। दर्जनों कर्मचारियों ने रस्सियों से जहाज को खींचा और उसके एक तरफ करीब 30 बड़े एयर बैग (गुब्बारे) लगाए गए, ताकि जहाज को तैरने में मदद मिल सके। दृश्य किसी एक्शन फिल्म से कम नहीं था।
अब आगे क्या?
जानकारों के अनुसार, इस जहाज को सबसे पहले पूरी तरह से बाहर निकाला जाएगा और फिर ‘ग्रेविंग डॉक’ (जहाज मरम्मत यार्ड) में भेजा जाएगा। किम जोंग ने जून के अंत तक मरम्मत पूरी करने का आदेश दिया है, लेकिन एक्सपर्ट इसे असंभव मान रहे हैं।
किम जोंग का गुस्सा फूटा – चार गिरफ्तार
गुस्साए किम जोंग ने इस घटना को ‘आपराधिक लापरवाही’ करार दिया है। इसके चलते चार वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें जहाज निर्माण से जुड़े चीफ इंजीनियर और डिप्टी मैनेजर भी शामिल हैं। विश्लेषकों का कहना है कि इनमें से कुछ को पार्टी से निकाला जा सकता है, जबकि कड़ी सजा – यहां तक कि फायरिंग स्क्वॉड (गोली मारना) – तक दी जा सकती है।
यह भी पढ़ें:
क्या आप भी गलत समय पर पीते हैं चाय-कॉफी? जानिए इसका असर
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check