पुराना फोन बेचने से पहले पढ़ लें ये खबर, वरना लीक हो सकता है निजी डेटा

आज के दौर में नया स्मार्टफोन खरीदते समय लोग अक्सर अपना पुराना फोन बेच देते हैं या एक्सचेंज कर देते हैं। यह प्रक्रिया आसान लगती है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, अगर पुराना फोन बेचते समय कुछ जरूरी सावधानियां न बरती जाएं, तो न सिर्फ आपका निजी डेटा गलत हाथों में जा सकता है, बल्कि आपको बाद में पछताना भी पड़ सकता है।

गलती नंबर 1: सिर्फ फाइल डिलीट कर देना

अधिकतर लोग फोन बेचने से पहले फोटो, वीडियो या ऐप्स को मैन्युअली डिलीट कर देते हैं और मान लेते हैं कि डेटा पूरी तरह हट गया है। जबकि हकीकत यह है कि डिलीट किया गया डेटा खास सॉफ्टवेयर की मदद से दोबारा रिकवर किया जा सकता है। इससे आपकी निजी तस्वीरें, चैट्स और दस्तावेज खतरे में पड़ सकते हैं।

गलती नंबर 2: फैक्ट्री रिसेट न करना

फोन बेचने से पहले फैक्ट्री रिसेट करना बेहद जरूरी है। कई लोग इस स्टेप को नजरअंदाज कर देते हैं या ठीक से रिसेट नहीं करते। फैक्ट्री रिसेट न करने की स्थिति में आपके ईमेल, बैंकिंग ऐप्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स फोन में सेव रह सकते हैं, जिनका गलत इस्तेमाल हो सकता है।

गलती नंबर 3: गूगल और अन्य अकाउंट लॉगआउट न करना

फोन में लॉगइन गूगल अकाउंट, क्लाउड स्टोरेज और सोशल मीडिया अकाउंट्स को हटाना जरूरी होता है। अगर अकाउंट लॉगआउट नहीं किया गया, तो नया यूज़र आपके डेटा तक पहुंच बना सकता है। इसके अलावा, कई मामलों में अकाउंट लॉक की समस्या भी सामने आती है, जिससे नया मालिक और पुराना यूज़र दोनों परेशानी में पड़ सकते हैं।

गलती नंबर 4: सिम और मेमोरी कार्ड निकालना भूल जाना

कई लोग फोन बेचते समय सिम कार्ड या मेमोरी कार्ड निकालना भूल जाते हैं। सिम कार्ड में आपके कॉन्टैक्ट्स और ओटीपी से जुड़ी जानकारियां होती हैं, जबकि मेमोरी कार्ड में निजी फाइलें सेव हो सकती हैं। यह एक छोटी सी भूल बड़ा खतरा बन सकती है।

गलती नंबर 5: बैकअप न लेना

फोन बेचने की जल्दी में लोग अपना जरूरी डेटा बैकअप लेना भूल जाते हैं। बाद में नए फोन में कॉन्टैक्ट्स, फोटो या जरूरी फाइलें न मिलने पर पछतावा होता है। इसलिए फैक्ट्री रिसेट से पहले क्लाउड या कंप्यूटर में पूरा बैकअप लेना जरूरी है।

एक्सपर्ट्स की सलाह

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि फोन बेचने से पहले उसे पूरी तरह रिसेट करना, सभी अकाउंट हटाना और सिम-मेमोरी कार्ड निकालना अनिवार्य होना चाहिए। अगर संभव हो तो डेटा को एक बार एन्क्रिप्ट करने के बाद रिसेट करना और भी सुरक्षित माना जाता है।

यह भी पढ़ें:

बच्चे को नेबुलाइजर देने में सावधानी जरूरी, छोटी गलती भी हो सकती है खतरनाक