झारखण्ड: चतरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में अवैध डोडा बरामद किया है। यह कार्रवाई लावालौंग जाने वाले मार्ग पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक चार पहिया वाहन में अवैध डोडा लेकर तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने ग्राम कोलकोले के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान भुसाड़ गांव की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक महिन्द्रा एक्सवाईएलओ गाड़ी को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। पीछा करने के दौरान आरोपी की गाड़ी ग्राम सोहावन के जंगल में फंस गई। मौके का फायदा उठाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
तलाशी लेने पर वाहन से 08 बोरा अवैध डोडा बरामद किया गया। जब्त डोडा का कुल वजन करीब 169.980 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check