₹10 से खरीद सकेंगे डिजिटल चांदी, जियोफाइनेंस ने लॉन्च किया जियोसिल्वर

चांदी खरीदने के लिए अब ज्वेलरी शॉप जाने या बड़ी रकम जुटाने की जरूरत नहीं। जियोफाइनेंस ऐप पर जियोसिल्वर लॉन्च हो गया है, जहां ग्राहक सिर्फ ₹10 से 99.9 फीसदी शुद्ध डिजिटल चांदी खरीद सकेंगे। एक ट्रांजैक्शन में ₹10 से ₹1 लाख तक की खरीद की जा सकेगी। कंपनी के मुताबिक ऐप पर खरीदी गई डिजिटल चांदी के बराबर असली चांदी सुरक्षित रखी जाएगी।

ऐप पर चांदी की लाइव कीमत दिखेगी। भाव पसंद आया तो खरीदें और जरूरत पड़े तो बेच दें। बिक्री की रकम सीधे बैंक खाते में जाएगी। जो ग्राहक थोड़ा-थोड़ा नियमित निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए साप्ताहिक और मासिक सिल्वर SIP का ऑप्शन भी है।

डिजिटल चांदी को सिर्फ ऐप में रखना जरूरी नहीं है। ग्राहक अपनी जमा चांदी को सर्टिफाइड सिल्वर कॉइन में बदल सकेंगे या सीधे फिजिकल सिल्वर कॉइन खरीद सकेंगे।