मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर की छत का एक हिस्सा गिरने से 32 वर्षीय नर्स घायल हो गई। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।स्थानीय चिकित्सा अधिकारी विनोद सिंह परमार ने बताया कि यह घटना बुधवार को हुई जब नर्सिंग अधिकारी ममता बाथेरी जिला अस्पताल में एक ऑपरेशन की तैयारी कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि उनके सिर में चोट लगी है और उन्हें जिला अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है। परमार ने बताया कि घायल नर्स के सिर का कंप्यूटेड टोमोग्राफी (सीटी) स्कैन किया गया और वह खतरे से बाहर हैं तथा उनकी हालत स्थिर है।परमार ने कहा कि उन्होंने मप्र लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को अस्पताल की नई इमारत उन्हें सौंपने के लिए पत्र लिखा है ताकि ऑपरेशन थिएटर को वहां स्थानांतरित किया जा सके।
उन्होंने कहा, ”जैसे ही हमें नई इमारत मिलेगी। हम उसमें चले जाएंगे और ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को भी वहां स्थानांतरित कर दिया जाएगा। नई इमारत को एक साल से अधिक समय पहले बनाया गया था, लेकिन कुछ कार्यों को अभी पूरा किया जाना बाकी है।”पीडब्ल्यूडी की परियोजना कार्यान्वयन इकाई के मंडल अभियंता सुरेश कुमार मिश्रा ने कहा कि नई इमारत 10 दिनों के भीतर अस्पताल को सौंप दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भवन निर्माण ठेकेदार को आदेश जारी कर दिया गया है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check