साहा ने नल्लू को त्रिपुरा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई दी

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता इंद्र सेना रेड्डी नल्लू को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किये जाने पर बधाई दी। नल्लू तेलंगाना से भाजपा के नेता हैं।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारी के सदस्य नल्लू त्रिपुरा के राज्यपाल के रूप में सत्यदेव नारायण आर्य का स्थान लेंगे जिनका कार्यकाल 25 अगस्त को खत्म हो गया था। साहा ने बुधवार रात एक फेसबुक पोस्ट में कहा, ”मैं श्री इंद्र सेना रेड्डी नल्लू जी को त्रिपुरा का राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई देता हूं।”

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य विप्लब देब ने भी त्रिपुरा के नए राज्यपाल के रूप में नल्लू की नियुक्ति का स्वागत किया। नल्लू अविभाजित आंध्र प्रदेश से तीन बार के विधायक रहे हैं और दक्षिणी राज्य के भाजपा अध्यक्ष भी थे।