ओडिशा में सागर परिक्रमा के 11वें चरण में भाग लेंगे परषोत्तम रूपाला और एल मुरुगन

केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री परषोत्तम रूपाला और राज्य मंत्री डा. एल मुरुगन 7 से 9 जनवरी तक ओडिशा के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सागर परिक्रमा के 11वें चरण में भाग लेंगे।

एक सरकारी प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि केंद्रीय मंत्री इस कार्यक्रम के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लाभार्थियों जैसे अग्रणी मछुआरों, मछली किसानों, युवा मत्स्य उद्यमियों आदि से मिलेंगे और बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई), क्रेडिट कार्ड योजना और अन्य योजनाओं का लाभ मछुआरों तक व्यापक रूप से पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सागर परिक्रमा के 11वें चरण में ओडिशा के तटीय जिले गंजम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक और बालासोर जिले शामिल हैं। केंद्र सरकार के मत्स्य पालन विभाग, ओडिशा सरकार, राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड, भारतीय तट रक्षक, भारतीय मत्स्य सर्वेक्षण, मछुआरा संघ और संबंधित विभागों के अधिकारी भाग ले रहे हैं। सागर परिक्रमा यात्रा में मछुआरों, मछली किसानों और अन्य संबंधित वर्गों के साथ अध्ययन बैठकें और चर्चाएं शामिल होंगी।

गौरतलब है कि ओडिशा राज्य की तटरेखा 480 किलोमीटर है। राज्य में 33 समुद्री खाद्य प्रसंस्करण संयंत्रों, 3 मछली और झींगा चारा संयंत्रों के साथ विविध जल संसाधन हैं। सागर परिक्रमा का पहला चरण 5 मार्च, 2022 को मांडवी, गुजरात से शुरू हुआ और अब तक सागर परिक्रमा के कुल दस चरण हो चुके हैं। अब तक सागर परिक्रमा गुजरात, दमन-दीव , महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित की गई है।