मुरादाबाद : ‘किसान भाजपा सरकार के एजेंडे में पहले स्थान पर’, किसान महासम्मेलन को सीएम योगी ने किया संबोधित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। ‘मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना’ के अंतर्गत 51 कृषकों को ट्रैक्टर्स का वितरण एवं हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

किसान महासम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह भारत की अर्थव्यवस्था की गहरी जानकारी रखते थे, उन्होंने कहा था कि अगर किसान गरीब रहेगा तो भारत तरक्की नहीं कर सकता, हमे अन्नदाता की खुशहाली पर ध्यान देना ही पड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में बीते 9 वर्षों में अन्नदाता किसानों के जीवन में परिवर्तन देखने को मिला है,

आपदा में फसल खराब होने पर फसल बीमा का उपहार मिला, कृषि सिंचाई योजना से किसानों को लाभान्वित किया गया। देश में पहली बार किसी सरकार ने किसानों का सम्मान किया तो वो मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने किया, इसी क्रम में किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त हुआ।

सीएम योगी ने कहा पिछली सरकारों में गन्ना किसान तबाह होता था, सालों- साल तक फसलों का भुगतान भी नहीं हो पाता था। चीनी मिलें तबाह होती थीं। लेकिन बीते 6 वर्ष में कोरोना के बावजूद मौजूदा सरकार ने चीनी मिलें बंद नहीं होने दीं, वहीं किसानों को गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान भी किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह कहते थे किसानों को पानी मुफ्त में मिलना चाहिए।

भाजपा सरकार में किसानों के निजी नलकूपों को निःशुल्क बिजली कनेक्शन देने की पूरी तैयारी हो चुकी है। 500 वर्षों बाद राम लला विराजमान होने जा रहे हैं, ये काम वो लोग कभी न कर पाते जो संविधान विरोधी कार्य कर रहे हैं। विपक्षी दल नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। संवैधानिक पदों पर बैठे महानुभावों का भी सम्मान नहीं कर रहे हैं।