सुशांत गोल्फ सिटी में गुरुवार देर रात बदमाश ने एक फौजी के घर में घुसकर लूटपाट की। विरोध पर पत्नी को गोली मार दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे आस-पास के लोगों ने कमांड अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामला संदिग्ध बताकर दबाए रही। शुक्रवार रात मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने पर देर रात एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
लखनऊ गोल्फ सिटी के निलमथा सेक्टर ए निवासी मोनू कुमार सेना में जवान हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब ढाई बजे पत्नी अंशू घर में अकेली थीं। इसी दौरान छत के रास्ते एक बदमाश घर में घुस कर तमंचा के बल पर पत्नी के मंगलसूत्र, चेन व अंगूठी उतारवा ली। उसके बाद पत्नी अंशु को धक्का देकर भागने लगा। पत्नी के पकड़ने की कोशिश की तो गोली मार दी।
गोली लगने से घायल पत्नी लहूलुहान होकर गिर गई। पत्नी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इस घटना की सूचना अफसरों को दी। मामला दर्ज कर शुक्रवार मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस के मुताबिक मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी जांच की जा रही है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check