दूरदर्शन के मशहूर धारावाहिक ‘उड़ान’ में पुलिस अधिकारी ‘कल्याणी’ की भूमिका निभाने वाली कविता चौधरी का बृहस्पतिवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। कविता को 1980 के दशक के अंत में टेलीविजन में दिखाए जाने वाले सर्फ के विज्ञापन के जरिए घर-घर में गृहिणी ललिता जी के रूप में पहचान मिली थी।
उनके रिश्तेदार अजय सयाल ने बताया, ”अमृतसर के एक अस्पताल में कल रात साढ़े आठ बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उन्हें निम्न रक्तचाप की दिक्कत के कारण कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उनकी हालत बिगड़ गई गई थी।” कविता का अंतिम संस्कार शुक्रवार को सुबह यहां किया गया। उनके परिवार में भांजा सयाल और एक भांजी है।
कविता को महिला सशक्तीकरण पर आधारित धारावाहिक ‘उड़ान’ में आईपीएस अधिकारी कल्याणी सिंह की भूमिका के लिए खूब पसंद किया गया था। यह धारावाहिक 1989 से 1991 के बीच दूरदर्शन पर आया था। कविता ने न सिर्फ इसमें अभिनय किया था बल्कि उन्होंने ही इसकी कहानी लिखी थी और निर्देशन भी किया था। यह धारावाहिक उनकी बड़ी बहन एवं पुलिस अधिकारी कंचन चौधरी भट्टाचार्य के जीवन पर आधारित था।
‘उड़ान’ में उनके अलावा शेखर कपूर भी थे। महामारी के दौरान इस धारावाहिक को दोबारा दूरदर्शन पर प्रसारित किया गया था। अभिनेता अमित बहल ने कविता के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा,” कविता चौधरी जी, इस बार आपने लंबी उड़ान भरी।” कविता ने दूरदर्शन के धारावाहिक ‘योर ऑनर’ और ‘आईपीएस डायरीज़’ का भी निर्माण किया था।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check