केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज कहा कि मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस की कुर्ताफाड़ राजनीति को देख रही है और वह भारतीय जनता पार्टी को इस बार फिर अपना आशीर्वाद देगी। श्री गोयल ने यहां एक पत्रकार वार्ता में कहा कि विधानसभा चुनाव में दो पार्टियां मैदान में हैं एक भाजपा और दूसरी कांग्रेस। भाजपा राष्ट्र हित और कांग्रेस परिवाद के लिए काम कर रही है। कांग्रेस के नेता अपने बेटों को सेट करने में लगे हुए हैं। कांग्रेस आपस में कुर्ताफाड़ राजनीति कर रही है, जिसे जनता देख रही है, इस चुनाव में भाजपा फिर से जनता के आशीर्वाद से सरकार बनाएगी।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इंदौर की जनता ने सामूहिक प्रयास से स्वच्छता में 6 बार इंदौर ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है और यह इंदौर की जनता की जनभागीदारी से ही संभव हुआ है, एक साफ सुथरा शहर ही उद्योग कार्यक्षेत्र हेतु केंद्र बनता है और उद्योग को बढ़ावा देता है।
श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार गरीबों के कल्याण के लिए नीतियां और योजनाओं का संचालन कर रही है। बीते 18 वर्षों में जनता के सहयोग से बीमारु राज्य कहा जाने वाले मध्यप्रदेश को आज भाजपा सरकार ने विकसित राज्य बनाया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण, बेटियो व बहनों को शिक्षा, कौशल विकास एवं 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जो ऐतिहासिक नीव रखी है, उससे आर्थिक क्षेत्र में महिलाओ का नेतृत्व का प्रभाव देश की जीडीपी पर भी उज्ज्वल रूप से दिखेगा।
उन्होंने कहा कि इंदौर शहर की एक विशेष पहचान है। इंदौर उद्योग ही नही आस्था का भी स्तंभ है। मध्यप्रदेश में महाकाल लोक का निर्माण सिर्फ मंदिर का निर्माण ही नहीं, आस्था की मजबूती के साथ पूरे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा दिया है। उन्हांने कहा कि वंदे भारत से रेल कनेक्टिविटी में बहुत सुधार हुआ हैं, मध्यप्रदेश की जनता के विकास हेतु संपूर्ण मध्यप्रदेश में कई कल्याणकारी काम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने कामों का लेखाजोखा लेकर पुनः जनता का आशीर्वाद लेने के लिए उतरे हैं और हमें पूर्ण विश्वास है कि जनता भाजपा की फिर से सरकार बनाएगी।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check