अगर सुबह उठते ही कंधे और गर्दन में दर्द होता है तो ये करें एक्सरसाइज

कई लोगों को सुबह उठने के बाद कंधों और गर्दन में दर्द महसूस होता है। यह दर्द इतना तेज होता है कि कुछ देर के लिए व्यक्ति पूरी तरह से परेशान हो जाता है। इस तरह के दर्द का सबसे बड़ा कारण गलत तरीके से सोना और गलत तकिया लेना हो सकता है। इसके अलावा सोने की गलत पोजीशन भी आपके कंधों और गर्दन में दर्द का कारण बन सकती है। इसलिए रात को सोने के दौरान इन बातों का भी खास ध्यान रखें। गलत पोजिशन में सोने के कारण आपको और दूसरी भी परेशानी हो सकती है। अगर आप सोकर उठने के बाद इस दर्द को नजरअंदाज करते हैं, तो इससे आपकी परेशानी और बढ़ सकती है। इससे आपका सोना, उठना-बैठना मुश्किल हो सकता है। इसलिए इस दर्द से तुरंत निजात पाने के लिए आप कुछ आसान एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग कर सकते हैं। जिससे आपके गर्दन और कंधे की मासंपेशियों को काफी आराम मिलता है। प्रतिदिन 15-20 मिनट के लिए ये एक्सरसाइज करने से काफी लाभ मिल सकता है।

गर्दन और कंधे के दर्द के लिए करें ये एक्सरसाइज
1. नैक रिलीज- नैक रिलीज एक्सरसाइज से आपके गर्दन और कंधे की मांसपेशियों को काफी आराम मिलता है। इससे दर्द और सूजन में काफी राहत मिल सकती है। आप इसे सोने से पहले या सोकर उठने पर भी कर सकते हैं। इससे गर्दन और कंधे की अकड़न दूर हो सकती है और जलन महसूस नहीं होती है। इसके लिए आप जमीन पर खड़े हो जाएं। फिर सिर को नीचे की ओऱ झुकाएं। इससे आपको गर्दन के पिछले हिस्से में खिंचाव महसूस होता है। उसके बाद अपनी गर्दन को बाएं कंधे की ओर ले जाएं। इससे आपको गर्दन के दाहिने ओर खिंचाव महसूस होता है। इस मुद्रा में 5 सेकेंड के लिए रूकें। फिर इसी प्रकार गर्दन को दाएं कंधे की ओर ले जाएं। इससे कंधे और गर्दन में खिंचाव आता है और आराम मिलता है।

2. शोल्डर रोल- शोल्डर रोल करने से आपको कंधे और गर्दन दर्द में आराम रहता है। इससेहाथों की मांसपेशियों और कंधे की हड्डियों में भी खिंचाव महसूस होता है। सुबह उठकर इस प्रकार की स्ट्रेचिंग करने से आपको काफी आराम मिल सकता है। जब भी आपको कंधे और गर्दन में दर्द महसूस हो, तो आप ये एक्सरसाइज कर सकते हैं। इस एक्सरसाइज को करने के लिए आप जमीन पर खड़े हो जाएं। फिर अपने दोनों पैरों को एक तय दूरी पर रखें। अपने दोनों हाथों को अपने कंधे पर रखें। सांस अंदर लें और कंधे को गोलाकार में घुमाएं। इस दौरान आपकी पीठ सीधी हो और हाथ भी पूरी तरह से घूमें। दोनों हाथों को एक साथ 15-20 बार घुमाएं।

3. आर्म क्रॉस चेस्ट स्ट्रेच- लगातार बैठे रहने से अगर आपके कंधे और गर्दन में दर्द रहता है, तो आप आर्म क्रॉस चेस्ट स्ट्रेच एक्सरसाइज भी कर सकते हैं। इससे कंधे और गर्दन दर्द में काफी आराम मिलता है। इसके लिए आप अपनी रीढ़ की हड्डी सीधा रखते हुए कुर्सी पर आराम से बैठ जाएं। अपने बाएं हाथ को अपनी कोहनी से अपने दाहिने हाथ से पकड़ें और इसे अपने शरीर पर अपनी छाती की ओर खींचे। बाएं कंधे में खिंचाव महसूस करेंगे। इस स्थिति में 5-10 सेकंड के लिए रहें और फिर दूसरे हाथ से ये एक्सरसाइज करें।

यह भी पढ़ें:

ब्रेस्ट साइज बढ़ाने के लिए करे ये एक्सरसाइज