झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की पूर्व विधायक सीता सोरेन ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में झारखंड के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी और महासचिव विनोद तावड़े की मौजदूगी में सीता सोरेन को पार्टी की सदस्यता दिलाई और भाजपा परिवार में स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सीता सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जेपी नड्डा और अमित शाह पर भरोसा जताते हुए वे भाजपा में शामिल हुईं। प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के आदिवासी लोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि उन्हें झारखंड में अधिक रफ्तार से विकास के पथ पर ले जाना है। झारखंड में बदलाव की जरूरत है।
भाजपा में शामिल होने के बाद सीता सोरेन ने कहा कि उन्होंने 14 साल तक पार्टी (जेएमएम) के लिए काम किया लेकिन उन्हें कभी भी पार्टी से वह सम्मान नहीं मिला, जिसकी वे हकदार थीं। वह उपेक्षित महसूस कर रही थीं। इसके कारण उन्होंने जेएमएम पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार के खिलाफ साजिश रची जा रही है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check