मुख्यमंत्री जी का फरवरी माह में जिले में आगमन संभव

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरवरी में कभी भी अलीगढ़ भ्रमण पर आ सकते हैं। जिला मजिस्ट्रेट इन्द्र विक्रम सिंह ने प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत सोमवार की प्रातः राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के जनपद आगमन को लेकर जिला, पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है। मुख्यमंत्री के हैलीकॉप्टर लैंडिंग, जनसभा, जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद, विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र दिये जाने की तैयारियों में जिला प्रशासन पूरी तरह से जुट गया है।

जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न प्रकार की तैयारियों का खाका खींचा। उन्होंने राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय स्थित हैलीपैड, सभास्थल समेत अन्य स्थानों के लिए मजिस्ट्रेट नामित करने लिये एडीएम सिटी एवं नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित करते हुए कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के भ्रमण से सम्बन्धित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभाग से सम्बन्धित लाभार्थियों की सूची एवं अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तैयार कर सम्बन्धित को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

इससे पूर्व जिलाधिकारी ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्याें का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करते हुए अंतिम रूप दिया जाए। मुख्यमंत्री की जनसभा एवं अन्य कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में ही प्रस्तावित हैं, ऐसे में यहां साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। अधिशासी अभियंता लोनिवि संजीव पुष्कर को निर्देशित किया कि वह हैलीपैड एवं सभास्थल से संबंधित सभी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट रमाशंकर, एसडीएम कोल रविशंकर, अधिशासी अभियंता लोनिवि इन्द्रपाल सिंह, सहायक अभियंता अरविन्द सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।