भाजपा नफरत फैलाकर खुद को मजबूत कर रही: गौरव गोगोई

‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का आज 11वां दिन है। पूरे नॉर्थ ईस्ट की तरफ से मैं राहुल गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं कि वो हमारे बीच आए। ये बातें बुधवार को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद गौरव गोगोई ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कही।

सांसद गोगोई ने कहा कि आज असम में यात्रा का सातवां दिन है। जिस प्रकार से राहुल गांधी ने हमारी संस्कृति का आदर किया, उसे समझा और जनता से मिले, उसके लिए मैं उनका आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा कि मैं राहुल को ‘असम का बेटा’ कहना चाहूंगा और असम को इससे अच्छा ब्रांड एम्बेसडर नहीं मिल सकता है।

गौरव गोगोई ने कहा कि राहुल गांधी ने असम में श्रमिकों, विभिन्न जनतातियों, युवाओं एवं महिलाओं की समस्याओं को सुना। आज केन्द्र में 10 साल और असम में 8 साल से भाजपा की सरकार है, लेकिन फिर भी यहां बहुत समस्याएं हैं, क्योंकि भाजपा नफरत फैलाकर खुद को मजबूत कर रही है। यहां पर आर्थिक असमानता बढ़ती जा रही है। गरीब और गरीब हो रहे हैं, अमीर और अमीर हो रहे हैं।

गौरव गोगोई ने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ने असम में फैलाए गए डर और दहशत के माहौल के बीच लोगों को ताकत दी है। यही इस यात्रा की सबसे बड़ी खूबी रही है। राहुल गांधी की निडरता देखकर असम की जनता को अपनी लड़ाई लड़ने की शक्ति मिली है। न्याय की लड़ाई में मोहब्बत का अस्त्र देने के लिए हम राहुल गांधी के आभारी हैं। गुरुवार को हम असम से उन्हें प्यार भरी विदाई देंगे।