उप्र की भाजपा सरकार अपने ही बनाये नियमों का हर वक्त उलंघन करती रहती है। अभी विधानसभा के लिए सत्र चलने का दस दिन का नियम बनाया और तीन दिन में ही समाप्त कर दिया। प्रदेश में भ्रष्टाचार मिटाने का रट्टा लगाये रहती है और हर जगह भ्रष्टाचार बढ़ गया है। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कही।
वे शनिवार को प्रदेश कार्यालय पर मीडिया को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस प्रदेश में किस मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश को बांटने का काम भाजपा सरकार कर रही है। हम देश को जोड़ने के नाम पर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। हम जनता के बीच भ्रष्टाचार, अराजकता को लेकर जाएंगे। भाजपा की कुनीतियों को जनता समझ चुकी है। अब वह उसके झांसे में नहीं आने वाली है।
समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के मुद्दे पर अजय राय ने कहा कि यह फैसला केंद्रीय नेतृत्व को करना है। हम लोकसभा चुनाव के लिए सभी सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों का प्रचार करने में जुटे हुए हैं। हम अपनी पूरी तैयारी में हैं, आगे केंद्रीय नेतृत्व जो निर्णय करेगा, उसके अनुसार हम आगे बढेंगे। वहीं समाजवादी पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश में स्थायी प्रदेश कार्यालय बनाये जाने पर कहा कि हम तो सभी राज्यों में पहले ही प्रदेश कार्यालय बना चुके हैं। वे आज बनाने जा रहे हैं।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check