केजरीवाल की गिरफ्तारी पर हरियाणा-पंजाब में आप का प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब और हरियाणा ईकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कुरुक्षेत्र में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी के आवास का घेराव करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार की और लाठीचार्ज किया।केजरीवाल को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था।

आप कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की और उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी केजरीवाल की ”बढ़ती लोकप्रियता” के खिलाफ थी।हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आप कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सैनी के आवास के पास प्रदर्शन किया। जैसे ही आप कार्यकर्ताओं ने सैनी के आवास के बाहर लगाए गए अवरोधक को तोड़कर घेराव करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया और पानी की बौछार की।पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी से आप कार्यकर्ता सुखजिंदर सिंह ने कहा कि उनकी बाईं आंख में चोट लगी है।

उन्होंने कहा,”जब हमने चंडीगढ़ में प्रवेश करने की कोशिश की तो पुलिस ने वहां अवरोधक लगाकर हमें रोक दिया। पुलिस ने हमें आगे बढ़ने से रोकने के लिए पानी की बौछारें कीं और मेरी बायीं आंख में चोट लग गयी। मेरी बांह पर भी चोट लगी है।मोहाली में प्रदर्शन स्थल पर मौजूद पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतंत्र की हत्या करार दिया।

अरोड़ा ने बताया कि इसके लिए भाजपा को देश की जनता की सजा का सामना करना पड़ेगा।उन्होंने कहा कि आप कार्यकर्ता चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे लेकिन पुलिस ने पानी की बौछारें कर उन्हें रोक दिया।पंजाब के मंत्री मान और चेतन सिंह जौरामाजरा ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वह उनकी ‘बढ़ती लोकप्रियता’ से डर गई थी। वह उनकी दिल्ली सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों को रोकना चाहती है।

पंजाब के कुछ मंत्रियों की मौजूदगी में आप कार्यकर्ताओं ने मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर भी प्रदर्शन किया।आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि पानी की बौछारों से कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए हैं।संवाददाताओं से बातचीत में जौरामाजरा ने कहा, ”केजरीवाल दिल्ली और पंजाब के लिए जो भी कार्य कर रहे हैं भाजपा उन्हें गिरफ्तार करके उनके अच्छे कामों को अन्य राज्यों में दोहराने से रोकना चाहती है।”

उन्होंने कहा, ”केजरीवाल को गिरफ्तार करने से पंजाब और देश के बाकी हिस्सो के लोगों के मन में गुस्सा है। अगर वे एक केजरीवाल को गिरफ्तार करते हैं, तो अपनी आवाज उठाने के लिए सड़कों पर लाखों केजरीवाल होंगे।”पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि केंद्र उन्हें जेल में डाल सकता है, लेकिन उनकी विचार को कैद नहीं कर सकता।मान ने कहा कि आप केजरीवाल के पीछे चट्टान की तरह खड़ी है।

ये भी पढ़े:

कांग्रेस के खाते सीज कर देने का मुद्दा गांव तक पहुंचेगा : गहलोत