छोटे पर्दे का सुपरहिट शो ‘अनुपमा’ आज हर घर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस शो ने टीआरपी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और इसकी लीड एक्ट्रेस रुपाली गांगुली को घर-घर में पहचान मिली है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ‘अनुपमा’ के मेकर्स की पहली पसंद रुपाली गांगुली नहीं थीं? दरअसल, ये ऑफर रुपाली गांगुली से पहले एक्ट्रेस रुखसार रहमान को मिला था। रुखसार रहमान ने आमिर खान की फिल्म PK में सुशांत सिंह राजपूत के साथ पाकिस्तानी सिटीजन का किरदार निभाया था। ओटीटी, फिल्म और टीवी तीनों प्लेटफॉर्म्स पर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने वाली रुखसार अनुपमा के लिए पहली च्वाइस थीं।
हाल ही में एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा करते हुए रुखसार रहमान ने कहा कि उन्हें ‘अनुपमा’ में लीड रोल का ऑफर मिला था, लेकिन उस वक्त वह कुछ और प्रोजेक्ट्स में बिजी थीं, इसलिए उन्होंने इसे ठुकरा दिया।
नहीं बन पाईं ‘अनुपमा’
रुखसार रहमान ने बताया कि ‘अनुपमा’ के प्रोड्यूसर राजन शाही ने उनसे इस रोल के लिए संपर्क किया था, लेकिन उस वक्त उनके पास कई ओटीटी प्रोजेक्ट्स थे और कुछ पर्सनल कारणों से उन्होंने तुरंत इस शो को करने से इनकार कर दिया था। रुखसार ने कहा, “हां, ये सच है। मुझे राजन जी का फोन आया था। लेकिन उस समय मैं ओटीटी प्रोजेक्ट्स में बिजी थी और कुछ पर्सनल वजहों से मैंने कहा कि अभी नहीं, थोड़े समय बाद कर पाऊंगी।”
सफलता का नहीं था अंदाजा
रुखसार ने आगे ये भी माना कि उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि ‘अनुपमा’ इतना बड़ा हिट साबित होगा। उन्होंने कहा, “किसी को नहीं पता होता कि कोई शो इतना बड़ा बन जाएगा या इतनी सफलता हासिल करेगा। अगर मुझे पता होता, तो मैं जरूर हां कर देती।” रुखसार के इस बयान से साफ है कि उन्हें इस बात का थोड़ा अफसोस है कि उन्होंने ‘अनुपमा’ जैसे ब्लॉकबस्टर शो को करने का मौका गंवा दिया। फिलहाल, ‘अनुपमा’ में रुपाली गांगुली लीड रोल में हैं और शो लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है।
यह भी पढ़ें:
जो बाइडेन को प्रोस्टेट कैंसर, हालत गंभीर – ट्रंप ने जताई संवेदना
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check