उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में झाड़ियों से करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का अधजला शव बरामद किया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मनकापुर की पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) नवीना शुक्ला ने रविवार को बताया कि जिले के खोंडारे थाना क्षेत्र के जगन्नाथ पुर ग्रंट गांव में शनिवार शाम क्रिकेट खेल रहे बच्चे जब गेंद उठाने के लिए झाड़ी की तरफ गए, तब उन्हें एक अधजला शव दिखाई दिया।
शुक्ला के मुताबिक, ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि महिला का चेहरा अधजला होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। मामले की जांच की जा रही है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check