मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक कार पेड़ से टकरा गयी, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की मृत्यु हो गयी है। मृतकों में सभी शासकीय सेवारत थे।पुलिस सूत्रों के अनुसार कल देर रात शहडोल जिले के तीन सरकारी अधिकारी सहित पांच लोगों की मौत हो गयी है।
यह हादसा शहडोल जिले की सीमा से लगे उमरिया जिले के मझगंवा गांव के पास राष्ट्रीय राज्यमार्ग 43 पर हुआ। सभी मृतक एक कार में सवार थे। मित्र की जन्मदिन पार्टी से रात को शहडोल लौटते समय उनकी गाड़ी पेड़ से टकरा गयी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी सहित इंसानों के भी परखचे उड़ गए।
मृतकों में शहडोल जिला खनिज इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र त्रिपाठी, लोक सेवा केंद्र के जिला प्रबन्धक अवनीश दुबे, मनरेगा इंजीनियर दिनेश सरिवान और दो अन्य प्रकाश जगत और अमित शुक्ला शामिल हैं। इनके साथ कुछ और भी मित्र वापस लौट रहे थे जो दूसरी गाड़ी में होने की वजह से बच गए।
कलेक्टर शहडोल वंदना वैद्य ने बताया कि इस भीषड़ सड़क हादसे में उनके तीन अधिकारियों की मौत हुई है। दो अन्य के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check