निकाह करने के बाद पत्नी ने की साथ रहने की जिद की तो हो गई ये खौफनाक वारदात

गाजियाबाद में आलम नाम के शख्स ने अपनी पत्नी पूजा की हत्या कर दी। दोनों ने 6 महीने पहले ही निकाह किया था। इस सिलसिले में पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। उसने पूजा का चुन्नी से गला दबा कर कत्ल किया था। जिसके बाद सबूत मिटाने की गर्ज से उसकी लाश को नहर में फेंक दिया था। इस मामले में पुलिस धर्मांतरण के एंगल से भी जांच कर रही है।

आलम ने पूजा की हत्या की
दरअसल गाजियाबाद में आलम अपने परिवार के साथ रहता था। उसकी बीवी का नाम सना है। आलम के चार बच्चे भी थे। उन्हीं के पड़ोस में पूजा नाम की एक महिला रहती थी। पूजा भी शादीशुदा थी और उसके भी 3 बच्चे थे, लेकिन वो अपने पति से अलग रहती थी। चार साल पहले आलम की पूजा से दोस्ती हुई थी। आलम मोटर मैकेनिक था। दोनों पड़ोस में रहते थे। धीरे-धीरे आलम और पूजा में नजदीकियां बढ़नी लगीं। ये सिलसिला करीब 4 साल तक चला। ये बात आलम की पहली पत्नी सना को भी पता चल गई, बावजूद इसके आलम और पूजा ने निकाह करना तय किया। दोनों ने करीब छह महीने पहले निकाह भी कर लिया था। कभी आलम अपनी पहली पत्नी सना के साथ रहता तो कभी पूजा के साथ।

पहले प्यार, फिर तकरार
वक्त बीतता रहा। आलम की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही थी। वो अपनी पत्नी सना के साथ ज्यादा रहने लगा था, ये बात पूजा को बर्दाश्त नहीं हो रही थी। वो उस पर अपने साथ रहने का दबाव डालने लगी। इस बात को लेकर अक्सर दोनों में झगड़ा होता था। एक दिन दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा बढ़ गया तो आलम ने पूजा को खत्म करने की प्लानिंग रच डाली। 18 जुलाई के रोज आलम पूजा को बहाने से अपनी कार में बैठा कर साथ ले गया। वो मोटर मैकेनिक था, लिहाजा इस काम के लिये उसने अपने वर्कशॉप से एक ग्राहक की गाड़ी ले ली थी। गाड़ी में भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर बहस होने लगी। इसी बीच आलम गाड़ी को लेकर गाजियाबाद के बाहरी इलाके में मसूरी नहर के किनारे ले गया। रात के अंधेरे में उसने पूजा की गाड़ी में ही गला दबाकर हत्या कर दी। और उसके बाद उसने लाश को नहर में फेंक दिया।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की
आलम ने कत्ल तो कर दिया मगर अब उसे पुलिस के हाथों पकड़े जाने का डर सताने लगा था, लिहाजा उसने घटना को दूसरा एंगल दिया। वो 19 जुलाई को खुद विजय नगर थाने पहुंचा और अपनी पत्नी पूजा के लापता होने की शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने पूजा को तलाशना शुरू कर दिया। मगर इसी बीच जब पुलिस ने पूजा की गुमशुदगी के सिलसिले में उसके परिवारवालों से बात की तो उन्होंने आलम पर ही शक जाहिर किया। ऐसे में पुलिस ने जब आलम से सख्ती से पूछताछ की तो सारा राज खुल गया। आलम ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। पुलिस अब पूजा की लाश मसूरी नहर में खोज रही है, मगर अभी तक शव का पता नहीं लगा पाई है। नहर में लाश की तलाशी के लिए बाकायदा ऑपरेशन चलाया जा रहा है।