पीठ के निचले हिस्से में है दर्द तो रोजाना करें ये 4 योगासन, मिलेगा आराम

पीठ दर्द आजकल एक बहुत ही आम समस्या बन गई है। खराब जीवनशैली और गलत मुद्रा में बैठने के कारण अक्सर लोग पीठ दर्द से पीड़ित रहते हैं। खासतौर पर पीठ के निचले हिस्से में काफी दर्द का सामना करना पड़ता है। पीठ दर्द से राहत पाने के लिए लोग स्प्रे या जेल का इस्तेमाल करते हैं। कई लोग दर्द निवारक दवाओं का भी सेवन करते हैं।लेकिन आप चाहें तो रोजाना कुछ योगासनों का अभ्यास करके पीठ के निचले हिस्से के दर्द से राहत पा सकते हैं। अगर आप रोजाना योग करते हैं तो इससे आपकी पीठ की मांसपेशियां मजबूत होंगी। साथ ही शरीर का लचीलापन भी बढ़ता है।योग एक्सपर्ट से जानिए पीठ के निचले हिस्से में दर्द होने पर कौन से योगासन करने चाहिए?

पीठ के निचले हिस्से के दर्द के लिए योगासन- 

1. भुजंगासन

  • पीठ के निचले हिस्से के दर्द को कम करने के लिए आप भुजंगासन की प्रैक्टिस कर सकते हैं।
  • इस आसन को करने के लिए पेट के बल सीधे लेट जाएं।
  • अब अपनी हथेलियों को कंधों के पास रखें।
  • इसके बाद सांस लेते हुए छाती को ऊपर उठाएं।
  • कुछ देर रुकें और फिर सामान्य अवस्था में आ जाएं।
  • रोजाना इस आसन को करने से आपको दर्द में काफी आराम मिलेगा।

2. धनुरासन

  • रोजाना धनुरासन का अभ्यास करने से पीठ के निचले हिस्से के दर्द में आराम मिल सकता है।
  • इसके लिए आप पेट के बल लेट जाएं।
  • अब पैरों को मोड़ें। फिर अपने हाथों से टखनों को पकड़ें।
  • इसके बाद लंबी गहरी सांस लें।
  • शरीर को ऊपर उठाएं।
  • धीरे-धीरे ठुड्डी को ऊपर की तरफ मोड़ें।
  • अब सांस छोड़ते हुए पहली अवस्था में वापस आ जाएं।
  • आप इस मुद्रा को 2-3 बार दोहरा सकते हैं।

3. उष्ट्रासन

  • पीठ के निचले हिस्से के दर्द से छुटकारा पाने के लिए आप उष्ट्रासन का अभ्यास कर सकते हैं।
  • इस आसन को करने के लिए घुटनों के बल बैठ जाएं।
  • अब अपने दाएं हाथ को आगे से घुमाते हुए पीछे ले जाएं।
  • हाथ से दाएं पैर की एड़ी को छूने की कोशिश करें।
  • इसके बाद बाएं हाथ से बाएं पैर की एड़ी को छुएं।
  • आप इस अवस्था में 5-10 सेकेंड तक रुक सकते हैं।
  • इस आसन को 3-5 बार दोहराया जा सकता है।

4. सेतुबंधासन

  • सेतुबंधासन करने से आपके पीठ के निचले हिस्से का दर्द दूर हो सकता है।
  • इसे करने के लिए पैरों को घुटने से मोड़ें। फिर कूल्हों के पास ले जाएं।
  • हथेलियों को कूल्हों के पास रखें।
  • लंबी गहरी सांस लें और धीरे-धीरे कूल्हों को ऊपर उठाएं।
  • इस स्थिति में थोड़ी देर सांसों को रोकें।
  • फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए पहली अवस्था में आ जाएं।
  • आप इसका 3-5 बार अभ्यास कर सकते हैं।

अगर आपके भी पीठ के निचले हिस्से में दर्द होता है, तो आप रोजाना इन योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। लेकिन शुरुआत में इन योगासनों को किसी योग एक्सपर्ट की देख-रेख में ही करें।

यह भी पढ़ें:

हाई कोलेस्ट्रॉल के मरीजों में ये लक्षण हो सकते हैं हार्ट अटैक का संकेत, जानें बचाव