राजस्थान के गैंगस्टर रोधी कार्यबल ने एक वांछित आतंकी को गिरफ्तार किया है।अतिरिक्त महानिदेशक (अपराध) दिनेश एमएन ने बताया कि गैंगस्टर रोधी कार्यबल की एक टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त रहे आतंकी मोहम्मद मेराजुद्दीन (31) को पकड़ा है।
आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की टीम को 10 साल से उसकी तलाश थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी है।उन्होंने बताया कि साल 2014 में भारत के विभिन्न स्थानों पर आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने की योजना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने राज्य के सीकर, जोधपुर एवं जयपुर जिले से कुल 13 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। जिनमें से 12 को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
उन्होंने बताया कि एक आरोपी मोहम्मद मेराजुद्दीन घटना के वक्त से फरार था, उस पर 24 जनवरी 2018 को 25000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था।उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि मेराजुद्दीन गंगापुर सिटी आया हुआ है, वहीं से उसे पकड़ लिया गया और उसे एटीएस टीम के सुपुर्द कर दिया गया है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check