कृति सेनन की खुशी का ठिकाना नहीं है। एक तरफ जहां उन्होंने हाल ही बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड जीता, वहीं दूसरी ओर उनकी बहन नूपुर सेनन साउथ में डेब्यू कर रही हैं। नूपुर सेनन जल्द ही रवि तेजा की फिल्म टाइगर नागेश्वर राव में नजर आएंगी। फिल्म से उनका फर्स्ट लुक भी रिलीज कर दिया गया है। कृति सेनन इस मौके पर बेहद गर्व महसूस कर रही हैं।
उन्होंने टाइगर नागेश्वर राव की फिल्म से बहन नूपुर सेनन का फर्स्ट लुक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, और लिखा, अपनी बहन की पहली पैन इंडिया फिल्म टाइगर नागेश्वर राव का पहला पोस्टर लॉन्च करने से ज्यादा मेरे लिए और कुछ गर्व वाली बात नहीं है। मिलिए हमारे टाइगर के प्यार से। टाइगर नागेश्वर राव की खूबसूरत दुनिया की प्यारी सारा से आपको मिलवा रही हूं।
फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में नूपुर सेनन ट्रेन में बैठी खिड़की से बाहर झांकती नजर आ रही हैं और वह बहुत खूबसूरत लग रही हैं। नूपुर सेनन ने कई म्यूजिक वीडियोज में काम किया है। वह अक्षय कुमार के साथ भी कुछ म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं और कमाल की सिंगर भी हैं। इसके अलावा वह वेब सीरीज पॉप कौन में भी नजर आई थीं। लेकिन टाइगर नागेश्वर राव नूपुर सेनन की पहली फिल्म है।
इस फिल्म को वामसी निर्देशित कर रहे हैं। उन्होंने ही इसकी कहानी लिखी है। फिल्म में रवि तेजा लीड रोल में हैं। फिल्म में गायत्री भारद्वाज और अनुपम खेर भी नजर आएंगे। टाइगर नागेश्वर राव को पैन इंडिया सभी भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। टाइगर नागेश्वर राव को रवि तेजा के करियर की सबसे बड़े बजट वाली फिल्म बताया जा रहा है। यह 20 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर रिलीज होगी।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check