आदिवासी बीजद नेता सलुगा प्रधान ओडिशा विधानसभा के उपाध्यक्ष निर्वाचित

बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता सलुगा प्रधान मंगलवार को ओडिशा विधानसभा के उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। कंधमाल जिले में जी. उदयगिरी निर्वाचन क्षेत्र से दो बार के आदिवासी विधायक प्रधान ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया था और इस पद के लिए वह एकमात्र उम्मीदवार थे।

विधानसभा अध्यक्ष प्रमिला मलिक ने प्रधान को विधानसभा उपाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की। इसके साथ ही ओडिशा विधानसभा में अब एक दलित विधानसभा अध्यक्ष और एक आदिवासी उपाध्यक्ष है।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रधान को बधाई देते हुए कहा, ‘‘विधानसभा लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, हम सभी को अपने आचरण के माध्यम से इस सदन की गरिमा बनाए रखना चाहिए। मैं सभी सम्मानित सदस्यों से अनुरोध करता हूं कि वे विधानसभा उपाध्यक्ष को उनके कर्तव्यों के निर्वहन में उनका पूरे दिल से समर्थन एवं सहयोग करें।’’ प्रधान ने अपने चयन के बाद कहा, ‘‘मैं सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने का प्रयास करूंगा। मैं सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों दलों के सदस्यों की राय का सम्मान करूंगा।’’

वरिष्ठ कांग्रेस विधायक दशरथी गमांग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य सचेतक मोहन माझी ने प्रधान को बधाई दी और उनके साथ सहयोग करने का संकल्प जताया। गमांग और माझी दोनों ही आदिवासी समुदाय से हैं। निजीकारणों का हवाला देकर आठ नवंबर को रजनीकांत सिंह के इस्तीफे के कारण उपाध्यक्ष का पद खाली हो गया था।