आनंद पुष्कर के समर्थन में छपरा में शिक्षक संवाद, विधायक रणधीर सिंह ने की चर्चा

छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी इंजीनियर आनंद पुष्कर के समर्थन में मंगलवार को छपरा शहर के विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षक संवाद और जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान चुनाव प्रभारी एवं मांझी के विधायक रणधीर सिंह ने शिक्षकों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया और आनंद पुष्कर के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की।

जनसंपर्क अभियान के तहत विधायक रणधीर सिंह ने जिला स्कूल सहित विभिन्न उच्च माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में पहुंचकर शिक्षक-शिक्षिकाओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं, मांगों और अपेक्षाओं की जानकारी ली तथा शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

रणधीर सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं और उनकी जायज मांगों को प्रभावी ढंग से सदन तक पहुंचाने के लिए सशक्त प्रतिनिधित्व आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इंजीनियर आनंद पुष्कर शिक्षक समाज से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

विधायक ने शिक्षकों से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षकों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके हितों से जुड़े विषयों पर प्रभावी ढंग से चर्चा करने के लिए जनप्रतिनिधियों और शिक्षक समाज के बीच निरंतर संवाद जरूरी है।

इस अवसर पर शिक्षक नेता जितेंद्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों से संपर्क कर चुनाव में आनंद पुष्कर के समर्थन में मतदान की अपील की गई।