हरियाणा के पंचकूला स्थित सिविल अस्पताल के आईसीयू में ड्यूटी पर तैनात एक नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया।
घटना को और संदिग्ध बनाने वाली बात यह है कि प्रीति का मोबाइल फोन मौके से गायब है। फोन की आखिरी लोकेशन सेक्टर-5 में पाई गई, जिसके बाद वह बंद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम पांच डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा किया गया।
मृतका की पहचान प्रीति बैनीवाल के रूप में हुई है, जो हिसार के जुगलान गांव की रहने वाली थीं और वर्तमान में सेक्टर-31, पंचकूला में अपने परिवार के साथ रह रही थीं। बताया जा रहा है कि प्रीति आईसीयू में बेसुध अवस्था में मिलीं, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए शिफ्ट किया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ मिला, जिससे किसी प्रकार के इंजेक्शन दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रीति बैनीवाल की नियुक्ति वर्ष 2024 में हुई थी और उनकी पहली पोस्टिंग पंचकूला सिविल अस्पताल में ही थी। वह मुख्य रूप से आईसीयू में कार्यरत थीं। घटना वाले दिन वह दोपहर 2 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं और रात 8 बजे उनकी शिफ्ट समाप्त होनी थी। जब वह समय पर घर नहीं पहुंचीं, तो अस्पताल प्रशासन ने परिवार को सूचना दी।
परिवार के अनुसार, प्रीति के पिता का निधन हो चुका है और वह अपनी मां के साथ रहती थीं। उनके भाई नितिन पंचकूला स्थित स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय में कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई आशीष चुनाव आयोग में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी भाभी पंचायत विभाग में सचिव हैं। बताया जा रहा है कि हाल ही में उनकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी और एक सप्ताह पहले ही एक परिवार उन्हें देखने आया था।
आईसीयू स्टाफ के अनुसार, प्रीति ने अपनी ड्यूटी सामान्य रूप से पूरी की थी और सहकर्मियों से चाय भी मांगी थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह कपड़े बदलने के लिए वॉशरूम गई थीं, जहां बाद में उनका शव मिला। यह वॉशरूम डॉक्टरों के लिए अलग से निर्धारित बताया जा रहा है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहा है, जबकि पुलिस जांच जारी है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check