जयपुर में जन्मदिन के मौके पर एक 4 वर्षीय बच्ची को सुनने की शक्ति का अनमोल उपहार चिकित्सकों की और से दिया गया। यह विशेष संयोग रहा कि आज के दिन यह जटिल ऑपरेशन हुआ, आज ही बच्ची का जन्मदिन भी था, जिससे यह पल परिवार के लिए और भी खास बन गया।
सवाईमानसिंह अस्पताल के ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. पवन सिंघल ने बताया कि बारां निवासी तनिष्का, सुपुत्री राकेश, का सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में सफल कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन मुख्यमंत्री द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत पूरी तरह निःशुल्क किया गया। इस योजना के तहत जरूरतमंद बच्चों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव संभव हो रहा है।
ऑपरेशन सवाईमानसिंह अस्पताल के ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. पवन सिंघल के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान डॉ. आभा कपूर, डॉ. भवानी और डॉ. अन्वेषा ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
साथ ही निश्चेतन विभाग की प्रोफेसर डॉ. सोनाली बेनीवाल और नर्सिंग स्टाफ मंजु एवं रितु ने भी ऑपरेशन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
जन्मदिन से हुई नई उम्मीद की शुरुआत
इस सफल सर्जरी के बाद तनिष्का अब सुनने की नई दुनिया में कदम रख सकेगी, जो उसके भविष्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
यह घटना न केवल एक परिवार के लिए खुशी का पल है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहे सकारात्मक बदलाव का भी प्रतीक है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check