बिहार जनता दल यू0 के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने बृहस्पतिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह के बयान पर जोरदार पलटवार किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अपने शीर्ष नेतृत्व को खुश करने एवं सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए श्री गिरिराज सिंह घटिया किस्म की सम्प्रदायिक बयानबाजी कर रहे हैं।
ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा के शीर्ष नेताओं ने केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह को हिन्दू-मुस्लिम के बीच झगड़ा लगवाने का ठेका दिया हुआ है इसलिए वो हमेशा सम्प्रदायिक मुद्दों पर इसी तरह की अनर्गल बयानबाजी करते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष के कहा कि बिहार महात्मा बुद्ध और गांधी की धरती है। भाजपा के नेताओं द्वारा यहां महौल बिगाड़ने का प्रयास कभी सफल नहीं होगा। श्री नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार के अंदर एक भी सम्प्रदायिक दंगे का कोई रिकाॅर्ड नहीं है। हमारी सरकार सर्व धर्म समभाव और धर्मनिरपेक्षता के मूलमंत्र को आदर्श मानती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के पास विकास का कोई मुद्दा नहीं है इसलिए धार्मिक मुद्दों के सहारे ही चुनाव में जाना चाहती है। भाजपा के नेताओं ने हिन्दू धर्म को सत्ता हासिल करने का हथकंडा बना दिया है। हिन्दू धर्म शालीनता, सहिष्णुता और भाईचारा का प्रतीक है लेकिन भाजपा समाज के भाईचारे को खत्म करने की कोशिश में जुटी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का फर्जी हिंदू प्रेम देश की जनता के सामने बेनकाब हो चुका है।
2024 के चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी, भुखमरी, किसानों की बदहाली, महिला सुरक्षा, छोटे व्यापारियों में फैला रोष सहित अन्य जनता से जुड़े गम्भीर मुद्दे प्रासंगिक रहेंगे और इन सभी मुद्दों पर भाजपा अब तक फिसड्डी साबित हुई है इसलिए उनके तमाम नेता हार के भय से घबराए हुए हैं। जिसका नतीजा है कि श्री गिरिराज सिंह जैसे नेता खुलकर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली बयान दे रहे हैं।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check