मनोज बाजपेयी की फिल्म जोरम अब तक कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित की जा चुकी है। इन समारोहों में फिल्म को खूब सराहा गया है।इन दिनों फिल्म बुसान फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शन के लिए चर्चा में है। फिल्म लगभग हर महाद्वीप के चक्कर लगा चुकी है। अब खबर आई है कि यह फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। खुद मनोज ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, मनोज और जीशान अय्यूब की फिल्म जोरम दुनियाभर में रिलीज की जाएगी।फिल्म का निर्माण जी स्टूडियोज और मखीजा फिल्म ने मिलकर किया है। इसका निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है। मखीजा और मनोज इससे पहले शॉर्ट फिल्म तांडव में भी साथ काम कर चुके हैं।जी स्टूडियोज ने अपने बयान में कहा कि वैश्विक दर्शकों को समझने के बाद वे इसे योजनाबद्ध तरीके से दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करेंगे।मनोज ने खुद जानकारी दी कि यह फिल्म दुनियाभर में 1 दिसंबर को रिलीज होगी।
उन्होंने कहा, अंतरराष्ट्रीय मंचों से लेकर बड़े पर्दे तक का इस फिल्म का सफर इसके सर्वव्यापक और समय से परे होने को दर्शाता है। मैं इस कहानी को वैश्विक दर्शकों के साथ साझा करने के लिए बेताब हूं और मुझे उम्मीद है कि यह अलग-अलग पृष्ठभूमि और संस्कृति के लोगों के साथ जुड़ेगी।उन्होंने फिल्म को मिल रहे सम्मान पर भी खुशी जाहिर की।यह बॉलीवुड फिल्म एक सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है। फिल्म में मनोज ने दसरु नाम के एक जनजातीय व्यक्ति का किरदार निभाया है।
दसरु एक विस्थापित पिता है, जो अपनी बच्ची के साथ अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहा है। यह एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो अपने अतीत और वर्तमान के बीच फंसा हुआ है। उसके पुराने कारनामे उसके वर्तमान को बर्बाद कर रहे हैं।फिल्म में तनिष्ठा चटर्जी और राजश्री देशपांडे भी नजर आएंगी।
जोरम इससे पहले कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में फिल्म विशेषज्ञों की वाहवाही पा चुकी है।फिल्म सिडनी फिल्म फेस्टिवल, डरबन फिल्म फेस्टिवल, एडिनबर्ग फिल्म फेस्टिवल में भी प्रदर्शित की जा चुकी है। डरबन फिल्म फेस्टिवल में फिल्म के लिए मनोज को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार भी दिया गया था। यहां इस फिल्म के लिए पीयूष पुती ने सर्वश्रेष्ठ सिनेमाटोग्राफर का पुरस्कार जीता था।
इनके अलावा फिल्म रोटरडम और इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में भी चर्चा में रही थी।1 दिसंबर को रिलीज होने का मतलब है कि यह फिल्म सिनेमाघरों में रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल के साथ रिलीज होगी। रणबीर की यह फिल्म काफी समय से चर्चा में है। फिल्म में रणबीर के साथ रश्मिका मंदाना और अनिल कपूर नजर आएंगे।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check