महाराष्ट्र में हवाला से लेन-देन करने वाले 9 बांग्लादेशी गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बरामद

मुंबई सहित आसपास के इलाकों में हवाला के जरिये लेन-देन करने वाले 9 बांग्लादेशी नागरिकों को मुंबई पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। इन सभी के पास से फर्जी दस्तावेज बरामद किये गए हैं। इनके खिलाफ अवैध तरीके से बांग्लादेश में धन हस्तांतरित किए जाने के संबंध में छानबीन की जा रही है।मुंबई पुलिस अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त राजतिलक रोशन ने पत्रकारों को बताया कि मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे से कुल नौ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।

वे अवैध रूप से भारत से बांग्लादेश में धन हस्तांतरित करते थे। ऐसा लगता है कि इसमें और भी लोग शामिल हैं। इन सभी के पास से फर्जी दस्तावेज भी बरामद किये गए हैं। यह एक प्रकार का हवाला लेन-देन है।राजतिलक रोशन ने बताया कि इन बांग्लादेशी नागरिकों ने भारत आने के बाद फर्जी आधार कार्ड बनाए और फर्जी दस्तावेज की मदद से बैंक खाते खोले और फिर अपनी पहचान बताए बिना खुद को भारतीय नागरिक बताया।

लेन-देन की कुल राशि पर उन्होंने कहा कि कुछ पर्याप्त राशि जमा होने के बाद वे इसे कुछ लोगों के माध्यम से बांग्लादेश में स्थानांतरित कर देते थे। जब कोई भारत आता था तो वे उसके माध्यम से धन हस्तांतरित करते थे। लेन-देन की कुल राशि लाखों तक हो सकती है। हम अभी सटीक राशि का खुलासा नहीं कर सकते। वे बांग्लादेश में धन हस्तांतरित करने के लिए कमीशन लेते थे।

भारत से हस्तांतरित राशि के लाभार्थियों के बारे में डीसीपी ने कहा कि वे बांग्लादेश के जरूरतमंद लोगों के लिए भारत से बांग्लादेश में धन हस्तांतरित कर रहे थे, जो गैरकानूनी तरीके से भारत आना चाहते हैं। इसके अलावा वे भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों का पैसा कमीशन लेकर बांग्लादेश भेजते थे।