आमतौर पर लोग फल और सब्जियों के छिलके को कूड़ेदान में डाल देते हैं। जबकि फलों और सब्जियों से अधिक फायदेमंद और पौष्टिक ये छिलके होते हैं। इनके सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है साथ ही यह सौंदर्य को निखारने में भी मदद करते हैं। इन छिलकों का प्रयोग करके कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। इन छिलकों के प्रयोग से आप घरेलू ब्लीच बना सकते हैं। तो इन छिलकों के फायदे के बारे में भी जानिये।
आलू का छिलका- त्वचा को निखारने के लिए आलू के छिलके का प्रयोग कर सकते हैं। आलू का छिलका उतार कर उसे पीस लें, इसमें कुछ बूंद गुलाब जल डालकर इसे अच्छी तरह मिला लें। अगर त्वचा ऑयली है तो नींबू का रस और यदि त्वचा ड्राई है तो शहद की कुछ मात्रा मिला लें। इस पेस्ट को अपने चेहरे पर 15 मिनट के लिए लगाकर छोड़ दें, फिर साफ पानी से धो लें। यह प्राकृतिक ब्लींचिंग का काम करता है और चेहरे से दाग-धब्बे मिटाता है।
संतरे का छिलका- संतरे का छिलका त्वचा को निखारने में प्रयोग किया जा सकता है। यह भी नैचुरल ब्लीच की तरह है। संतरे के छिलकों को धूप में सुखा कर उन्हें मिलाकर बारीक पीस लीजिए। उस पाउडर में थोड़ी सी मलाई मिला कर इसका पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को अपने चेहरे और गर्दन पर 10 मिनट लगा कर रखें, फिर साफ पानी से धो लें। दाग-धब्बे दूर होंगे और त्वचा में निखार आयेगा।
खीरे का छिलका- खीरा खाने से वजन नियंत्रित रहता है और इसका छिलका त्वचा को निखारने में मदद करता है। खीरे के छिलके को निकालकर उसे सुखा लें, उसे अच्छे से पीसकर उसमें नींबू की कुछ बूदें मिला लें, अब एक कटोरे में इस पेस्ट को डालें और उसमें एलोवेरा जेल मिला लें। एलोवेरा की जगह थोड़ा सा गेहूं का आटा भी मिला सकती हैं। इस पेस्ट को अपनी त्वचा पर लगायें, इससे त्वचा में ताजगी बनी रहेगी।
नींबू का छिलका- नींबू का छिलका अच्छी तरह सुखा लें, सूखने के बाद उसे पीस लें। इसमें कुछ बूदं शहद और कुछ बूंद गुलाब जल की मिलाकर चेहरे पर लगायें। यह प्राकृतिक ब्लीच है जो त्वचा को प्राकृतिक रूप से निखारता है।
पपीते का छिलका- पपीता खाने में फायदेमंद होता है और इसका छिलका सौंदर्य निखारने में मदद करता है। पपीते के छिलके को त्वचा पर लगाने से खुश्की दूर होती है। एड़ियों पर लगाने से वे मुलायम होती हैं।
तरबूज का छिलका- तरबूज का छिलका त्वचा की समस्याओं जैसे दाद, एक्जिमा आदि को दूर करने में प्रयोग किया जाता है। दाद, एक्जिमा की शिकायत होने पर तरबूज के छिलकों को सूखाकर, जलाकर राख बना लें। तत्पश्चात् उस राख को सरसों के तेल में मिलाकर लगाने से समस्या दूर होती है और त्वचा में निखार भी आता है।
केले का छिलका- केले के छिलके को अंडे की जर्दी में मिलकार इसका पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाकर पांच मिनट बाद इसे धो दें। इससे चेहरे की झुर्रियों की समस्या दूर होती है और चेहरे पर निखार आता है।
यह भी पढ़ें:
इन 5 तत्वों की कमी से होते हैं डार्क सर्कल्स, ये हैं इन्हें दूर करने के उपाय
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check