उत्तराखंड में इस सप्ताह बारिश को लेकर मौसम सामान्य रहेगा। खिली धूप के साथ मौसम का मिजाज रविवार को बदलने से लोगों को बरसात के कहर से राहत मिली है। राज्य में चारधाम सहित अन्य स्थानों पर यात्री अब यात्रा कर सकते हैं। प्रदेश में 02 राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 146 अन्य सड़कें अवरुद्ध हैं।
रविवार सुबह से लेकर दोपहर तक देहरादून सहित प्रदेश भर में खिली धूप निकली। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के बाद धूप निकलने से राहत महसूस की गई। हालांकि धूप खिलने से गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। वर्षा काल से लेकर अब तक का यह पहला सप्ताह है, जिसमें मौसम को लेकर चेतावनी नहीं है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत जिले में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश के दौर को लेकर 28 अगस्त को येलो अलर्ट जारी है। इसके साथ ही आज (रविवार) से 31 अगस्त तक मौसम के सामान्य रहने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि इस सप्ताह में उत्तराखंड में वर्षा का दौर थमने की संभावना हैं। ज्यादातर जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आने वाले दिन अब धूप खिली रहेगी। साथ ही मौसम साफ रहने का अनुमान है। आज कहीं-कहीं बादल छाये रहने और एक दो दौर की बहुत हल्की बारिश होने की संभावना हैं।
रविवार सुबह राज्य आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार राज्य में अब तक अतिवृष्टि से 89 लोगों की मौत हुई है और 50 लोग घायल हैं जबकि 26 अब भी लापता हैं। प्रदेश में 146 अन्य सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें पिथौरागढ़ सीमांत जिले में 04 बॉर्डर और राष्ट्रीय राष्ट्रीय राज मार्ग-1447 (बीआरओ) रामगंगापुल क्वीटी-बिर्थी मोटर मार्ग राम गंगा पुल पर बनिक के पास वॉशआउट होने से यातायात अवरुद्ध है। बागेश्वर जिले में शामा राम गंगा पुल राष्ट्रीय राजमार्ग 109 बंद है। बंद मार्गों को खोलने के लिए कार्य जारी है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check