जिले के थाना तालग्राम क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया।पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के अनुसार, तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम जयसिंहपुर में सत्यपाल कठेरिया और उसके भाई सूरजपाल के बीच विवाद था।
बृहस्पतिवार शाम सात बजे सूरजपाल अपने साथियों के साथ अपने भाई सत्यपाल कठेरिया के घर पहुंचा और झगड़ा होने पर अपने भतीजे सतेंद्र सिंह (30) पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी।उन्होंने बताया कि गोली चलने से सतेंद्र के साथ घर में मौजूद सचिन व अंकित भी घायल हो गए और अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद सतेंद्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस अधीक्षक आनंद ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घायल सचिन व अंकित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check