जनपद के एक मात्र पर्वतारोही अभिनीत मौर्य 26 जनवरी को अफ्रीका के सबसे ऊंचे पर्वत की चोटी पर तिरंगा फहरायेंगे। यह अफ्रीका की19,341 फीट सबसे ऊंची पर्वत चोटी है।
इससे पहले पर्वतारोही अभिनीत देश की टेबलटाप, माउट मचोई, केदार कंठा, तपोपन ट्रेक्र व फ्रेन्डशिप चोटी जैसी ऊंची पर्वत चोटियों पर सफलता पूर्वक चढ़ाई कर चुके हैं। कुछ माह पूर्व उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस पर चढ़ाई कर तिरंगा फहराया था। यहां से उन्होंने पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया था।
बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने आगामी मिशन माउंट किलिमंजारो के लिए पर्वतारोही अभिनीत मौर्य को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि अभिनीत जैसे पर्वतारोही, पर्वतारोहण के क्षेत्र में अन्य युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं। उनके अभियान को लेकर उनके पिता चन्द्र पाल मौर्य सहित समस्त परिवार तथा उनके चाहने वाले अत्यंत उत्साहित है।
पर्वतारोही अभिनीत मौर्य ने बताया कि वह 19 जनवरी को अपने पैतृक गांव विकास खण्ड कोथावां के ग्राम आट-साट से लखनऊ पहुंचेंगे। यहां से हवाई मार्ग द्वारा मुम्बई जाएंगे। 20 जनवरी को मुम्बई से तन्जानियां पहुंचेंगे और 21 को अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी के लिए चढ़ाई प्रारम्भ करेंगे। 26 जनवरी को 19,341 फीट अफ्रीका की सबसे ऊंची पर्वत चोटी पर तिरंगा फहरायेंगे।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check