डायबिटीज से पहले दिखने लगते हैं ये लक्षण, भूलकर भी न करें नजरअंदाज

डायबिटीज आज के समय की सबसे गंभीर समस्याओं में से एक है। आजकल सिर्फ बुजुर्ग ही नहीं बल्कि युवा और बच्चे भी तेजी से इस गंभीर बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। मधुमेह से पहले की स्थिति को प्रीडायबिटीज (Prediabetes in Hindi) कहा जाता है। इस स्थिति में शरीर का ब्लड शुगर लेवल सामान्य से थोड़ा अधिक होता है लेकिन इतना भी नहीं कि आपको मधुमेह रोगी की श्रेणी में रखा जाए। प्रीडायबिटीज स्टेज बहुत खतरनाक होती है। यदि इस स्तर पर सावधानी नहीं बरती गई तोआप डायबिटीज के शिकार हो सकते हैं। हालांकि, समय रहते प्रीडायबिटीज के लक्षणों को पहचानकर और जीवनशैली में कुछ बदलाव करके आप डायबिटीज का शिकार होने से बच सकते हैं। तो आइए जानते हैं कि डायबिटीज होने से पहले शरीर में कौन से लक्षण दिखाई देते हैं?

बार-बार पेशाब आना- अगर आपको बार-बार पेशाब आता है, तो यह प्रीडायबिटीज की ओर इशारा कर सकता है। दरअसल, जब शरीर में ब्लड शुगर का स्तर काफी बढ़ जाता है, तो किडनी को अतिरिक्त शुगर हटाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसकी वजह से आपको बार-बार पेशाब जाना पड़ सकता है। अगर आपको भी इस तरह की परेशानी महसूस हो रही है, तो तुरंत अपने हेल्थ एक्सपर्ट से संपर्क करें।

त्वचा काली नजर आना- शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ने पर शरीर के कुछ हिस्से की स्किन काफी ज्यादा डार्क नजर आने लगती है। इस स्थिति में अक्सर गर्दन, अंडरआर्म्स और कोहनी पर काली मोटी त्वचा नजर आने लगती है। यह इंसुलिन रेजिस्टेंस का संकेत हो सकता है, जो प्रीडायबिटीज का एक प्रमुख कारक है।

हमेशा थकान महसूस होना- अगर सही खानपान और पर्याप्त आराम के बावजूद आपको हर समय थकान और कमजोरी महसूस होती है, तो यह प्रीडायबिटीज का संकेत हो सकता है। हालांकि, इसके पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं। ऐसे में, सही कारण का पता लगाने के लिए आपको एक बार डॉक्टर से मिलकर जांच करवा लेनी चाहिए।

बार-बार प्यास लगना- बार-बार प्यास लगना भी प्रीडायबिटीज का संकेत हो सकता है। दरअसल, जब शरीर में ब्लड शुगर की मात्रा बढ़ जाती है, तो हमारा शरीर पेशाब के माध्यम से इसे निकालने की कोशिश करता है। इसके कारण शरीर में पानी की कमी होने लगती है और ज्यादा प्यास लगती है।

पेट की चर्बी बढ़ना- अगर पुरुषों की कमर का साइज 40 इंच से ज्यादा और महिलाओं की कमर का साइज 35 इंच से ज्यादा है, तो यह प्रीडायबिटीज का एक लक्षण हो सकता है। शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ने पर पेट के आसपास फैट ज्यादा दिखने लगता है। इस तरह के फैट से शरीर में केमिकल निकलते हैं, जो इंसुलिन की कामकाज में हस्तक्षेप कर सकते हैं, जिससे ब्लड शुगर बढ़ता है और व्यक्ति डायबिटीज का शिकार हो सकता है।

अगर आपको प्रीडायबिटीज है तो शरीर में कुछ लक्षण नजर आ सकते हैं। इन लक्षणों पर ध्यान देते हुए आपको अपनी जीवनशैली और खान-पान में बदलाव करना चाहिए।

यह भी पढ़ें:

चेहरे के लिए इस्तेमाल करें इन 5 एंटी बैक्टीरियल पत्तों का लेप