पटना में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला पटना के मनेर थाना क्षेत्र के ब्रह्मचारी मोहल्ले का है, जहां शनिवार की देर रात अपराधियों ने चाचा-भतीजे को एक साथ गोली मार दी. पटना में हत्या की इस वारदात के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोली चलाने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
मिली जानकारी के मुताबिक पूरा मामला बिहार के पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के ब्रह्मचारी मोहल्ले का है, जहां शनिवार की देर रात अपराधियों ने चाचा-भतीजे को एक साथ गोली मार दी. यह घटना उस वक्त घटी जब दोनों एक साथ बाइक से घर जा रहे थे. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान चाचा की मौत हो गई. भतीजे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. मनेर के ब्रह्मचारी पोखर निवासी देव कुमार शनिवार की रात करीब 11 बजे अपने भतीजे बिट्टू कुमार के साथ ईंट भट्ठा से घर लौट रहे थे, इसी दौरान अपराधियों ने दोनों पर फायरिंग कर दी. पहले से ही उन पर घात लगाकर हमला किया. सात की संख्या में जुटे अपराधियों ने एक के बाद एक छह राउंड से अधिक फायरिंग की. गोलीबारी की इस घटना में चाचा देव कुमार को दो गोली लगी जबकि उनके भतीजे बिट्टू को एक गोली लगी.
आनन-फानन में पुलिस के सहयोग से दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी सातों अपराधी मौके से फरार हो गए. ईंट भट्टा मालिक देव कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घर की महिला सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीआईएमएस में भेज दिया है. घायल भतीजे ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी है कि गोली मारने वाले वो लोग हैं जिनसे उनकी रंजिश चल रही है.
घटना को लेकर सिटी एसपी पश्चिम का बयान सामने आया है. सिटी एसपी ने दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है. मालूम हो कि पिछले साल देव कुमार के भाई अरुण कुमार की भी अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. दो साल के अंदर हत्या की दूसरी घटना से परिवार दहशत में है.
यह भी पढ़ें:
ग्लोइंग स्किन के लिए रात को सोने से पहले लगाएं ये 5 नेचुरल चीजें, और सुबह देखें ग्लो
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check