पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर में संदिग्ध जिहादियों के ताजा हमले में 29 सैनिकों की जान चली गई। हमले से चिंतित रक्षा मंत्रालय ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स में दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स में रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा गया है कि 100 से अधिक आतंकवादियों के समूह ने घातक विस्फोटक उपकरणों से सैनिकों को निशाना बनाया। उल्लेखनीय है कि नाइजर अलकायदा, बोको हरम और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े जिहादी आतंकवाद से वर्षों से जूझ रहा है। नाइजर में सैन्य तख्तापलट के बाद लोकतांत्रिक तरीके निर्वाचित राष्ट्रपति मोहम्मद बजौम को 26 जुलाई को अपदस्थ कर दिया गया था। इस तख्तापलट के बाद से नाइजर में आतंकी हमले बढ़ गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अगस्त में नाइजर के बागी सैनिकों ने देश की हवाई सीमा को बंद कर दिया था। इनका आरोप था कि पड़ोसी देश हमले की योजना बना रहे हैं, क्योंकि सैन्य शासन ने तय सीमा बीतने के बावजूद अपदस्थ राष्ट्रपति को बहाल नहीं किया। इसके कुछ दिन बाद भारत ने अपने नागरिकों से हिंसाग्रस्त नाइजर को जल्द छोड़ने की सलाह दी थी।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check