तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू कौशल विकास निगम घोटाला मामले में जमानत पर रिहा होने के बाद बुधवार तड़के यहां उंदावल्ली स्थित अपने घर पहुंचे।
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजामहेंद्रवरम जेल से 13 घंटे की लंबी यात्रा के बाद सुबह लगभग छह बजे अपने घर पहुंचे, जहां परिवार के सदस्यों और पार्टी समर्थकों ने उनका स्वागत किया।तेदेपा प्रमुख ने बाद में पत्नी एन भुवनेश्वरी और रिश्तेदारों के साथ प्रार्थना में भाग लिया।आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने मंगलवार को स्वास्थ्य आधार पर नायडू को चार सप्ताह की अवधि के लिए अंतरिम जमानत दी थी।
नायडू का काफिला मंगलवार शाम करीब पांच बजे पूर्वी गोदावरी जिले के राजामहेंद्रवरम से निकला। गुंटूर जिले के उंदावल्ली के रास्ते में उनके सैकड़ों समर्थक सड़क के किनारे इक्ट्ठा हुये थे।बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटे होने के कारण उनकी यात्रा के शुरुआती मार्ग में लगभग पांच किलोमीटर तक जाम रहा। तेदेपा के कई नेता भी उनके काफिले के साथ रहे।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check