नागरिक परिवहन और बिजली प्रदाता बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) ने देश के सबसे लंबे समुद्री पुल अटल सेतु पर दक्षिण मुंबई और निकटवर्ती नवी मुंबई के बीच एक विशेष, वातानुकूलित बस सेवा शुरू की है।
अटल सेतु का उद्घाटन दो महीने पहले किया गया था।मुंबई शहर के संरक्षक मंत्री दीपक केसरकर ने बुधवार को कोलाबा में बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) मुख्यालय में इस सेवा का उद्घाटन किया।बेस्ट ने एक विज्ञप्ति में कहा कि रूट नंबर ‘एस-145’ पर विशेष बसें दक्षिण मुंबई में ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ और नवी मुंबई में केंद्रीय व्यापार जिला ( सीबीडी) बेलापुर के बीच रोजाना चलेंगी।
विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रतिदिन चार बसें – दो सीबीडी बेलापुर से और इतनी ही संख्या में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से – सोमवार से शनिवार तक 22 किलोमीटर लंबे अटल सेतु के माध्यम से मार्ग पर संचालित की जाएंगी।विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस सेवा का उपयोग करने के लिए यात्रियों को न्यूनतम किराया 50 रुपये और अधिकतम 225 रुपये देना होगा।
केसरकर ने परिवहन उपक्रम की छतों पर वायु शोधन प्रणाली से सुसज्जित बसों की भी शुरुआत की।विज्ञप्ति के अनुसार, पांच बेस्ट डिपो की कुल 300 बसों में वायु शोधन प्रणाली लगाई जा रही है। इनमें से 240 बसों में पहले ही यह प्रणाली लगाई जा चुकी है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check