अनुभवी अभिनेता ऋषि कपूर का आज यानी 4 सितंबर को जन्मदिन है। दिग्गज अभिनेता आज भले ही इस दुनिया में ना हो, लेकिन उनके फैंस और परिवार वाले उन्हें आज भी याद करते हैं।ऋषि कपूर ने अपने शानदार करियर में कई सुपर हिट फिल्में दीं। उन्होंने अपने अलग-अलग किरदारों से लोगों के बीच एक अलग भूमिका बनाई। ऋषि कपूर ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ से एक बाल कलाकार के रूप में की।
इसके बाद तो उन्होंने बॉलीवुड में एक के बाद एक हिट फिल्म देकर अपना अलग मुकाम हासिल किया। आज उनके जन्मदिन पर उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर, करीना कपूर खान और संजय दत्त ने उन्हें याद करते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर दिल छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया है। करीना कपूर खान दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की भतीजी हैं। एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर एक ऋषि कपूर की पुरानी तस्वीर शेयर की है। फोटो शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा ‘हैप्पी बर्थडे चिंटू अंकल, हमेशा हमारे दिल में, आपकी याद आएगी’।
एक्टर संजय दत्त ने भी ऋषि कपूर और रणबीर कपूर के साथ एक फोटो शेयर की है। शेयर की गई फोटो में तीनों एक्टर एक दूसरे से गर्मजोशी के साथ गले मिलते हुए दिखाई दे रहे हैं। संजय ने फोटो के साथ कैप्शन में लिखा ‘चिंटू सर परिवार से बढ़कर थे, उनमें एक बेहतरीन अभिनेता और इंसान दोनों का सार समाहित था। उनकी हंसी, कहानियां और वास्तविकता हमें एक साथ बांधती हैं। उनके जन्मदिन पर, उनके द्वारा छोड़ा गया खालीपन साफ है, लेकिन उनकी स्मृति की गर्माहट उन्हें हमारे दिलों में जिंदा रखती है। आपकी बहुत याद आती है सर’।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check