रवीना टंडन का नाम उन अभिनेत्रियों में शुमार हैं, जिन्होंने अपनी अदाकारी के साथ दिलकश अदाओं से करोड़ों दर्शकों का दिल जीता है।अभिनेत्री को आखिरी बार मिलिंद सोमन के साथ इसी साल आई फिल्म वन फ्राइडे नाइट में देखा गया था, जिसमें उनकी अदाकारी को काफी पसंद किया गया।
अब रवीना ने अपनी नई वेब सीरीज कर्मा कॉलिंग का ऐलान कर दिया है।इसमें नम्रता शेठ भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। यह सीरीज अमेरिकी मूल सीरीज रिवेंज पर आधारित है, जो 2011-2015 तक प्रसारित हुई थी।वेब सीरीज कर्मा कॉलिंग का दमदार टीजर सामने आ चुका है, जिसमें उनका बेहद अलग अवतार देखने को मिल रहा है।यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी+ हॉटस्टार पर दस्तक देगी।
इसका प्रीमियर अगले साल 26 जनवरी को होगा।रवीना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर कर्मा कॉलिंग का टीजर साझा किया है। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, जैसा काम करोगे वैसा ही फल मिलेगा? कर्मा को बुलाने दो, मैं संभाल लूँगी।इसमें वरुण सूद का किरदार भी महत्वपूर्ण होगा।सीरीज के बारे में बात करते हुए रवीना टंडन ने कहा, इंद्राणी कोठारी का मानना है कि दुनिया उनका मंच है। मैंने बहुत लंबे समय से ऐसा कोई किरदार नहीं निभाया है।
कर्मा कॉलिंग निश्चित रूप से जो दिखता है, उससे कहीं अधिक है और यह अमीरों की दुनिया के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल करता है। इंद्राणी की भूमिका निभाने से मुझे एक अभिनेत्री के रूप में खुद को और अधिक तलाशने में मदद मिली। यह पहले कभी नहीं देखी गई और पहले कभी नहीं की गई भूमिका है और मैं दर्शकों की प्रतिक्रियाओं का इंतजार कर रही हूं। रुचि नारायण के साथ सहयोग करना असाधारण रहा है।
निर्देशक रुचि नारायण ने कहा, कर्मा कॉलिंग बेहद अमीर और संपन्न कोठारी परिवार और उनकी दुनिया में उनके इर्द-गिर्द रची गई साजिशों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। सीरीज में भव्यता और ग्लैमरस दृष्टिकोण है, जिसकी कहानी बदला, धोखे, विश्वासघात को बुनती है और कोठारी परिवार के अनुभवों को भी दर्शाती है। सीरीज निश्चित रूप से आपके लिए आनंददायक होगी और आपको और अधिक देखने के लिए लालायित कर देगी। रवीना टंडन और डिज्नी प्लस हॉटस्टार के साथ सहयोग करना एक अविश्वसनीय अनुभव रहा है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check