मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के बाद हवा में हल्की ठंडक है और मौसम विभाग ने सोमवार को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका जतायी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि सोमवार को पश्चिम और पूर्वी मप्र के अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने के साथ आंधी आने की संभावना है।सोमवार सुबह 8.30 बजे समाप्त 24 घंटे की अवधि में झाबुआ जिले में सबसे अधिक 110.3 मिमी बारिश हुई, जबकि बड़वानी जिले में 109 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी के भोपाल केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अशफाक हुसैन ने बताया कि पश्चिमी मध्य प्रदेश के इंदौर और भोपाल शहर में क्रमश: 51 मिमी और 3.6 मिमी बारिश हुई। उन्होंने बताया कि बड़वानी जिले के नौ इलाकों में 64.5 से 115.5 मिमी के बीच भारी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी मप्र के कई हिस्सों और राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश हुई।
हुसैन ने कहा कि राज्य के पूर्वी हिस्सों में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर अधिक बारिश होने की उम्मीद है। मंगलवार से बारिश संबंधी गतिविधियां मंद पड़ सकती हैं। बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में पारा कुछ डिग्री नीचे गिर गया, जिससे दिन का मौसम थोड़ा ठंडा हो गया।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check