राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गंगानगर जिले की करणपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रुपिंदर सिंह कुन्नर की जीत पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए सोमवार को कहा कि इलाके की जनता ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को सबक सिखाया है।उल्लेखनीय है कि करणपुर सीट पर पांच जनवरी को हुए मतदान के लिये मतों की गिनती सोमवार को हुई। इसमें कांग्रेस के रुपिंदर सिंह कुन्नर ने भाजपा के उम्मीदवार और मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को 11283 मतों से हराया।
इस जीत के साथ ही राज्य की 200 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 70 हो गई है जबकि भाजपा के विधायकों की संख्या 115 है।गहलोत ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ”करणपुर में कांग्रेस प्रत्याशी रुपिन्दर सिंह कुन्नर को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत दिवंगत गुरमीत सिंह कुन्नर के जनसेवा कार्यों को समर्पित है।”
उन्होंने लिखा, ”करणपुर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के अभिमान को हराया है। चुनाव के बीच प्रत्याशी को मंत्री बनाकर आचार संहिता एवं नैतिकता की धज्जियां उड़ाने वाली भाजपा को जनता ने सबक सिखाया है।’कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि यह जनादेश भाजपाई तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक नीति पर करारा तमाचा है।
उन्होंने लिखा, ”जब देश की संवैधानिक संस्थाएं अपना दायित्व भूल जाएं, तब जनता की अदालत में न्याय होता है। करणपुर की स्वाभिमानी जनता-जनार्दन को कोटिश: प्रणाम। करणपुर का यह जनादेश भाजपाई तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक नीति पर करारा तमाचा है।’
पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी कांग्रेस उम्मीदवार को जिताने के लिए क्षेत्र के मतदाताओं का आभार जताया।उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,’मुझे खुशी है कि करणपुर की स्वाभिमानी जनता ने कांग्रेस की रीति-नीति और विचारधारा पर विश्वास जता कर प्रगति, खुशहाली और अपने सुरक्षित भविष्य को चुना है।’
राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ। इसका परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किया गया। इसमें भाजपा को 115 व कांग्रेस को 69 सीटें मिलीं थीं। करणपुर गंगानगर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था।
यहां भाजपा ने सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को उम्मीदवार बनाया तो कांग्रेस ने कुन्नर के बेटे रुपिंदर सिंह को टिकट दी।सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने करणपुर सीट से चुनाव लड़ रहे सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को 30 दिसंबर को बतौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्रिपरिषद में शामिल कर लिया।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check