पाकिस्तान में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने हाल के चुनावों में कथित धांधली और अपने जनादेश की चोरी के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। राजधानी इस्लामाबाद में प्रदर्शन के चलते अधिकारियों ने शनिवार को निषेधाज्ञा लागू कर दी।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने चुनावों के नतीजों की आलोचना करते हुए कथित धांधली के खिलाफ देशव्यापी ‘शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन’ करने की घोषणा की। पीटीआई समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव परिणामों में नेशनल असेंबली की 90 से अधिक सीट जीतकर अपना दबदबा कायम रखा था।
विरोध प्रदर्शन की शुरुआत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान के वाना में एक विरोध मार्च के साथ शुरू हुई। पीटीआई ने संसद में विपक्ष में बैठने का फैसला किया है।पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने एक बयान में कहा, ”पीटीआई ने आम चुनाव 2024 में अभूतपूर्व, बड़े पैमाने पर, बेशर्म धांधली के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है, जहां पीटीआई की 180 नेशनल असेंबली सीट की जीत और संसद में दो-तिहाई बहुमत को घटाकर आधा कर दिया गया था। ”
पीटीआई के प्रवक्ता रऊफ हसन ने कहा, ”वर्ष 2024 का चुनाव देश के इतिहास में बड़े पैमाने पर धांधली के कारण याद किया जाएगा।”दैनिक समाचार पत्र ‘डॉन’ में इस्लामाबाद पुलिस के हवाले से कहा गया है कि शहर में धारा 144 लागू है और सुरक्षा हाई अलर्ट पर है, क्योंकि पीटीआई अपना देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करने के लिए तैयार है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check